मोरना। भोपा गांव में गुरुवार सुबह खेत पर काम करने गया किसान देर शाम तक घर नहीं लौटा। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की तो खेत के पास स्थित नाले में उसका शव पड़ा मिला। शव की पहचान 30 वर्षीय भीम के रूप में हुई। किसान की मौत की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।भोपा गांव निवासी किसान भीम गुरुवार सुबह अपने खेत पर काम करने गया था। शाम तक घर वापस नहीं पहुंचने पर परिजनों को चिंता हुई। उन्होंने ग्रामीणों के साथ उसकी तलाश शुरू की। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिला। बाद में परिजन और ग्रामीण खेत की ओर पहुंचे। इसी दौरान खेत के पास स्थित नाले में एक युवक का शव दिखाई दिया।शव को नाले से बाहर निकाला गया तो उसकी पहचान भीम के रूप में हुई। इसके बाद परिजन शव को अपने साथ घर ले गए। किसान की असमय मौत से मां इंद्रेश, भाई अजय और भूरा का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के दोनों भाई गांव से बाहर रहकर काम करते हैं, जबकि उसकी तीन बहनों की शादी हो चुकी है।थाना पुलिस के अनुसार, परिजनों की ओर से अभी घटना के संबंध में कोई सूचना नहीं दी गई है। सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।