मुजफ्फरनगर। कान्हा गोशाला भोकरहेड़ी में शुक्रवार को पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने निरीक्षण कर गोवंशों के स्वास्थ्य और गोशाला की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सभी गोवंश स्वस्थ पाए गए। गोशाला में पशुओं के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, हरा चारा और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध मिला।मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. जितेंद्र गुप्ता के निर्देशन में पशु चिकित्सा अधिकारी भोपा डॉ. कमल कुमार वर्मा ने गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंशों के स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ ही उनके रखरखाव और खानपान की व्यवस्था भी देखी।निरीक्षण के दौरान गोशाला में पर्याप्त मात्रा में भूसा और हरा चारा उपलब्ध मिला। गोवंशों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था भी पाई गई। सभी गोवंश स्वस्थ मिले। गोशाला में तैनात केयरटेकर भी मौके पर उपस्थित मिला।पशु चिकित्सा अधिकारी ने गोशाला के कर्मचारियों को गोवंशों को नियमित रूप से हरा चारा, खल और चोकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही गोशाला परिसर में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा। उन्होंने कहा कि गोवंशों के स्वास्थ्य और उनके खानपान में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।