मुजफ्फरनगर (नव जागरण पोस्ट)। पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने समेत विभिन्न मांगों को लेकर बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर रेलवे रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक परिसर में बैंककर्मियों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।प्रदर्शन के दौरान बैंक यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि बैंक कर्मचारियों के लिए पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। इस संबंध में मामला वित्त मंत्रालय के स्तर पर लंबित है। कर्मचारियों का कहना है कि सप्ताह में पांच दिन काम की व्यवस्था लागू होने से बैंककर्मियों को बेहतर कार्य-जीवन संतुलन मिलेगा और बैंकिंग व्यवस्था को भी आधुनिक जरूरतों के अनुरूप संचालित किया जा सकेगा।प्रदर्शनकारियों ने स्केल-4 से ऊपर के अधिकारियों को प्रदर्शन से जुड़े प्रोत्साहन यानी पीएलआई का भुगतान किए जाने समेत अन्य मुद्दे भी उठाए। बैंक कर्मचारियों ने सरकार से मांगों पर जल्द निर्णय लेने और लंबित मामलों का समाधान कराने की अपील की।यूनियन पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो महीने के अंत में बैंक कर्मचारी तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल पर जा सकते हैं। इसके बाद भी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अगले महीने अनिश्चितकालीन हड़ताल का रास्ता अपनाने की चेतावनी दी गई।प्रदर्शन के दौरान बैंक कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की और एकजुटता का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आरपी शर्मा, जितेंद्र सिंह बालियान, अनुभव चौधरी, क्रांति कुमार भारती, प्रदीप चौधरी समेत बड़ी संख्या में बैंक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group