मेरठ। थाना मेडिकल क्षेत्र में बाल विवाह की सूचना पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए 13 वर्षीय किशोरी को बचा लिया। किशोरी की शादी कराने की तैयारी चल रही थी। पुलिस के पहुंचते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और शादी में शामिल कई लोग मौके से फरार हो गए।बताया गया कि डायल-112 पर सूचना मिली थी कि मेडिकल थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की की शादी कराई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उस समय शादी की तैयारियां चल रही थीं और रस्में शुरू होने वाली थीं। पुलिस ने तत्काल शादी रुकवा दी और किशोरी को अपनी सुरक्षा में ले लिया।पुलिस की कार्रवाई के बाद शादी में शामिल लोग वहां से निकल गए। पुलिस ने किशोरी को सुरक्षित रेस्क्यू करने के बाद बाल कल्याण समिति के सामने पेश किया। फिलहाल किशोरी को समिति की निगरानी में रखा गया है।पुलिस अब यह पता लगा रही है कि किशोरी की शादी कराने की तैयारी किसने की थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी लोग बाल विवाह कराने या इसमें मदद करने के दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की समय पर कार्रवाई से नाबालिग की शादी होने से पहले ही रुक गई।