गाजियाबाद। मुरादनगर थाना क्षेत्र में शादी के कुछ समय बाद ही एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। महिला के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर प्रताड़ित करने और उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।गौतमबुद्धनगर के भंगेल बेगमपुर निवासी प्रभात ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन आकृति उर्फ रिया की शादी मुरादनगर निवासी गौरव के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष की ओर से दहेज को लेकर महिला पर दबाव बनाया जाने लगा। मायके वालों का दावा है कि उससे 30 लाख रुपये और स्कॉर्पियो-एन कार की मांग की जा रही थी।परिजनों के अनुसार, मांग पूरी नहीं होने पर आकृति को कथित तौर पर प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि 7 सितंबर की रात महिला ने अपने भाई को फोन कर रोते हुए ससुराल में मारपीट किए जाने की बात बताई थी। उसने अपनी जान को खतरा होने की आशंका भी जताई थी।परिजनों का आरोप है कि फोन कॉल के कुछ समय बाद उन्हें सूचना मिली कि आकृति छत से नीचे गिर गई है। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।पुलिस ने शिकायत के आधार पर पति गौरव, ससुर रमेश, सास सरोज, जेठ सनी और ननद नेहा व सोनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी। पुलिस घटनास्थल के साथ ही संबंधित लोगों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group