मुजफ्फरनगर। नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिला सेवायोजन कार्यालय और राजकीय आइटीआइ लोई बुढ़ाना के संयुक्त प्रयास से मंगलवार 15 सितम्बर 2026 को रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में निजी क्षेत्र की करीब 10 से 12 कंपनियां अभ्यर्थियों का साक्षात्कार और परीक्षा के माध्यम से चयन करेंगी। विभिन्न कंपनियों में करीब 850 पदों पर भर्ती का अवसर मिलेगा।रोजगार मेला राजकीय आइटीआइ लोई बुढ़ाना परिसर में आयोजित होगा। इसमें क्वेस कॉर्प लिमिटेड, हॉली हर्ब्स और पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड समेत अन्य नियोजक शामिल होंगे। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक और आइटीआइ उत्तीर्ण अभ्यर्थी विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे।कंपनियों की ओर से बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, अप्रेंटिस, ऑपरेटर, पैकेजिंग स्टाफ, वेलनेस एडवाइजर, फील्ड एग्जीक्यूटिव और इंश्योरेंस एडवाइजर समेत कई पदों पर चयन किया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध रहेंगे।
ये दस्तावेज साथ लाना जरूरी
मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल पर जॉब सीकर के रूप में ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। अभ्यर्थी अपने साथ पंजीयन कार्ड, शैक्षिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति, फोटो पहचान पत्र और बायोडाटा जरूर लेकर आएं।जिला सेवायोजन अधिकारी के अनुसार रोजगार मेले में शामिल होने और चयन की पूरी प्रक्रिया निश्शुल्क रहेगी। अभ्यर्थियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा और न ही यात्रा भत्ता दिया जाएगा। अधिक जानकारी के लिए जिला सेवायोजन कार्यालय, मुजफ्फरनगर से संपर्क किया जा सकता है।