मुजफ्फरनगर(मोरना)। ब्लॉक परिसर स्थित प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति में सोमवार सुबह एक कर्मचारी को सांप के डसने से अफरातफरी मच गई। कर्मचारी को तत्काल भोपा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार कर्मचारी की हालत स्थिर है।भेड़ाहेड़ी निवासी अमित कुमार मोरना प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति में सहायक के पद पर तैनात हैं। सोमवार सुबह करीब 10 बजे वह कार्यालय पहुंचे थे। टिफिन रखने के लिए जैसे ही उन्होंने अलमारी में हाथ बढ़ाया, फाइलों के बीच बैठे सांप ने उनके हाथ पर डस लिया। अचानक चीख सुनकर आसपास मौजूद कर्मचारी दौड़कर पहुंचे। सांप दिखाई देने पर कार्यालय में भी कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा।सहकर्मी अमित को लेकर तत्काल भोपा सीएचसी पहुंचे। चिकित्सा प्रभारी अजय कुमार के अनुसार उन्हें एंटीवेनम दिया गया और प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।उधर, समिति प्रबंधक ने घटना की सूचना वन विभाग को दी। मोरना रेंज के क्षेत्राधिकारी रविकांत के निर्देश पर टीम मौके पर पहुंची और अलमारियों, फाइलों तथा परिसर के अन्य हिस्सों में सांप की तलाश की, लेकिन वह नहीं मिला। वन विभाग की टीम उसकी तलाश में जुटी है। अधिकारियों के अनुसार सांप मिलने पर उसे रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाएगा।