नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल में राज्यसभा की 12 सीटों के लिए चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। निर्वाचन आयोग के अनुसार सभी सीटों पर 16 अक्टूबर को मतदान होगा और इसी दिन शाम पांच बजे से मतगणना कराई जाएगी। चुनाव की घोषणा के साथ ही संबंधित राज्यों में राजनीतिक दलों की तैयारियां तेज होने की उम्मीद है।उत्तर प्रदेश में 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है। इनमें नौ सदस्यों का कार्यकाल नवंबर में पूरा हो रहा है, जबकि एक सीट पूर्व सदस्य डॉ. दिनेश शर्मा के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई है। उत्तराखंड की एक सीट पर भी कार्यकाल पूरा होने के कारण चुनाव होगा। पश्चिम बंगाल में एक रिक्त सीट के लिए उपचुनाव कराया जाएगा।आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर को चुनाव की अधिसूचना जारी होगी। प्रत्याशी छह अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। सात अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी, जबकि नौ अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 16 अक्टूबर को सुबह नौ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इसके बाद शाम पांच बजे से मतगणना शुरू होगी। चुनाव प्रक्रिया 19 अक्टूबर तक पूरी की जानी है।राज्यसभा चुनाव में संबंधित राज्यों के निर्वाचित विधायक मतदान करते हैं। उम्मीदवारों के नाम और दलों की रणनीति नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी। आयोग ने चुनाव प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार संपन्न कराने की तैयारी शुरू कर दी है।