मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली क्षेत्र के मिमलाना रोड पर देर रात रद्दी कागज से भरे महिंद्रा पिकअप वाहन में अचानक आग लग गई। कागज के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते वाहन लपटों से घिर गया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की चपेट में आने से वाहन और उसमें लदा कागज जलकर क्षतिग्रस्त हो गया।बताया गया कि रामलीला टिल्ला चौकी क्षेत्र के मिमलाना रोड पर रात यह हादसा हुआ। वाहन मालिक शाकिर ने आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी। जानकारी मिलते ही दमकलकर्मी दोनों गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उस समय वाहन में रखा रद्दी कागज तेजी से जल रहा था, जिससे आग बुझाने में कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ऊपर से बिजली का तार टूटकर वाहन पर गिरने के बाद आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। दमकल कर्मचारियों ने आग को आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास किए। इस दौरान स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद रही और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।लगभग डेढ़ घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। इसके बाद दमकल विभाग की दोनों गाड़ियां करीब 2:45 बजे घटनास्थल से वापस लौट गईं। आग की घटना में वाहन और रद्दी कागज के जलने से नुकसान हुआ है। नुकसान की वास्तविक रकम का आकलन अभी स्पष्ट नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group