मुजफ्फरनगर, 9 अक्टूबर 26। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। भोपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक गोदाम पर छापा मारकर करीब 500 किलोग्राम पटाखे बरामद किए। मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बरामद पटाखों को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज किए हैं।पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भोपा की बर्तन वाली गली निवासी श्रवण शर्मा और मोरना गांव निवासी देव कौशिक के रूप में हुई है। छापेमारी के दौरान गोदाम से 33 कार्टन में रखे पटाखे मिले। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इतनी बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किस उद्देश्य से किया गया था और इसके लिए आवश्यक अनुमति ली गई थी या नहीं।थाना प्रभारी निरीक्षक आशुतोष सिंह के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर क्षेत्र में अवैध पटाखों के भंडारण और कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने यह कार्रवाई की। दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा संख्या 263/2026 और 264/2026 दर्ज किया गया है। मामले में विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी(1)(बी) के तहत कार्रवाई की गई है।कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय के निर्देशन में की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक और क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी आशुतोष सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। टीम में उपनिरीक्षक पिंटू चौधरी, उपनिरीक्षक मनोज कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।दीपावली के मद्देनजर पटाखों की खरीद-बिक्री और भंडारण को लेकर पुलिस सतर्कता बरत रही है। अधिकारियों का कहना है कि नियमों के विपरीत पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। बड़ी मात्रा में पटाखों का असुरक्षित भंडारण आग लगने या विस्फोट जैसी गंभीर घटनाओं का कारण बन सकता है। ऐसे में पुलिस की इस कार्रवाई को सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group