हापुड़। नोटबंदी के बाद प्रचलन से बाहर हो चुके पुराने नोटों की बड़ी खेप मिलने से पुलिस महकमे में हलचल है। हापुड़ में देहात पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक करोड़ 44 लाख रुपये की पुरानी करेंसी बरामद की है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। बरामद नोट वर्ष 2016 में बंद किए गए एक हजार और पांच सौ रुपये के हैं।पुलिस के मुताबिक, आरोपी की गिरफ्तारी मेरठ बाईपास स्थित गोल चक्कर के पास से की गई। तलाशी के दौरान उसके पास से पुराने नोटों की बड़ी मात्रा बरामद हुई। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आरोपी बंद हो चुकी करेंसी को बदलवाने के नाम पर लोगों को अधिक रकम दिलाने का लालच देता था। इस काम के बदले कमीशन लेकर कथित तौर पर धोखाधड़ी करने वाले नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के पास इतनी बड़ी मात्रा में पुराने नोट कहां से आए। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि इस गतिविधि में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा पुरानी करेंसी के बदले नई करेंसी दिलाने का झांसा देकर किसी से रकम तो नहीं ठगी गई।जांच एजेंसियां बरामद नोटों के स्रोत और पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं। पुलिस पूछताछ के आधार पर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।