कानपुर। भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के फार्म हाउस में सोमवार देर रात बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांधकर करीब 50 लाख रुपये की लूट की और फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। वारदात के बाद से बदमाशों की तलाश की जा रही है।जानकारी के अनुसार, रमेश यादव सोमवार को लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद रात करीब साढ़े 12 बजे कानपुर पहुंचे थे। उनका फार्म हाउस घर से लगभग 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। घटना के समय वह फार्म हाउस में अकेले थे, जबकि वहां चार सुरक्षाकर्मी तैनात बताए गए हैं। रात करीब 1:20 बजे पुलिस को वारदात की सूचना दी गई।सूचना मिलने पर संयुक्त पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी दीपेंद्रनाथ चौधरी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों ने फार्म हाउस का निरीक्षण कर वारदात से जुड़े साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बदमाश किस रास्ते से परिसर में दाखिल हुए और घटना को अंजाम देने के बाद किस ओर भागे।जांच के दौरान फार्म हाउस में प्रवेश करते समय बदमाशों का सीसीटीवी फुटेज नहीं मिला। हालांकि, भागते समय दो संदिग्ध कैमरे में दिखाई दिए। फुटेज में दोनों वॉशबेसिन पर पैर रखकर टीन शेड के ऊपर से छलांग लगाते नजर आ रहे हैं। दोनों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने में जुटी है।रमेश यादव राजनीतिक क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। वह दो बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं, जबकि उनकी पत्नी शशि भी ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। वर्ष 2022 में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर बिठूर विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा था। हाल ही में उन्हें भाजपा पिछड़ा मोर्चा का प्रदेश मंत्री बनाया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group