मुजफ्फरनगर। सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने और लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को खतौली तहसील में लघु शिविर लगाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से आयोजित शिविर में लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही एक नवंबर को प्रस्तावित वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर के लिए पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनका पंजीकरण किया गया।शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सिविल जज वरिष्ठ वर्ग डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने सरकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को सूजडू चुंगी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में वृहद शिविर आयोजित किया जाएगा। इसकी तैयारियों के तहत पात्र लोगों की पहचान कर उन्हें योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया की जा रही है, ताकि जरूरतमंदों को समय पर सहायता मिल सके।इस दौरान खतौली ग्राम न्यायालय के न्याय अधिकारी दिव्य प्रताप सिंह निमेष, उपजिलाधिकारी डॉ. ललित मिश्रा, तहसीलदार अरविंद कुमार, बाल विकास परियोजना अधिकारी कल्पना, पराविधिक स्वयंसेवक गौरव मलिक और धनीराम सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व अन्य लोग उपस्थित रहे।लघु शिविर के बाद अधिकारियों ने खतौली स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया। टीम ने वहां रह रहे बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। रसोईघर में भोजन की व्यवस्था, निर्धारित मेन्यू के अनुसार खाना मिलने और परिसर में साफ-सफाई की स्थिति की भी जांच की गई।अधिकारियों ने बुजुर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया और वृद्धाश्रम के अधीक्षक को व्यवस्थाएं बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान डॉ. कपिल की अध्यक्षता में चिकित्सीय दल ने वृद्धाश्रम में रह रहे सभी बुजुर्गों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। जरूरतमंद बुजुर्गों को उचित उपचार और चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए।