मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित रह गए लोगों के लिए अच्छी खबर है। जिले में 17 और 24 अक्टूबर को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पहली बार मतदाता बनने वाले युवा और अन्य पात्र नागरिक अपना नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे।अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके तहत जिले की सभी विधानसभा क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर नए मतदाताओं का पंजीकरण किया जाएगा।विशेष शिविरों में बीएलओ के पास नाम दर्ज कराने के लिए फार्म-6 उपलब्ध रहेगा। जिन लोगों का नाम अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवेदन कर सकते हैं। शिविरों में 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची और उसके बाद जारी की गई पूरक सूचियां भी उपलब्ध रहेंगी।मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदकों को अपनी नवीनतम फोटो के साथ जन्मतिथि और निवास से संबंधित दस्तावेजों की स्व-प्रमाणित प्रतियां लेकर पहुंचना होगा। परिवार के किसी सदस्य का मतदाता पहचान पत्र नंबर उपलब्ध होने पर उसे भी साथ ले जा सकते हैं। इससे आवेदन की प्रक्रिया में मदद मिलेगी।जो लोग मतदान केंद्र पर नहीं पहुंच सकते, वे घर बैठे भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल एप या आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in पर जाकर फार्म-6 भरना होगा। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराना सुनिश्चित करें।