शामली। कुड़ाना गांव में गुरुवार दोपहर बारिश के दौरान एक मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से अफरा-तफरी मच गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर घर में मौजूद परिवार के लोग घबरा गए और बाहर की ओर दौड़ पड़े। हादसे में मकान के विद्युत उपकरण खराब हो गए, जबकि बाहर लगी लोहे की रैलिंग भी टूटकर गिर गई। गनीमत रही कि परिवार के सदस्यों और घर के नीचे बंधे पशुओं को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।कुड़ाना निवासी असलम पुत्र इकराम टेंट का कारोबार करते हैं। गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे बारिश हो रही थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली उनके मकान पर गिर गई। घटना के समय असलम घर पर मौजूद नहीं थे। उनकी पत्नी और बच्चे घर में थे। बिजली गिरने से हुए तेज धमाके की आवाज सुनकर परिवार के लोग सहम गए और सुरक्षित स्थान की ओर भागे।कुछ देर बाद बाहर निकलकर देखने पर मकान में हुए नुकसान का पता चला। बिजली गिरने से घर में लगे विद्युत उपकरण खराब हो गए थे। वहीं, मकान के बाहर लगी लोहे की रैलिंग टूटकर जमीन पर गिर गई। घटना के बाद परिवार के लोगों ने आसपास के ग्रामीणों को जानकारी दी। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने मकान में हुए नुकसान को देखा।असलम के अनुसार, घटना के समय मकान के नीचे पशु बंधे हुए थे। राहत की बात यह रही कि आकाशीय बिजली गिरने के बावजूद कोई पशु उसकी चपेट में नहीं आया। परिवार का कोई सदस्य भी घायल नहीं हुआ। हालांकि, अचानक हुए इस हादसे से परिवार के लोग काफी दहशत में हैं। मकान में हुए नुकसान के कारण उन्हें आर्थिक क्षति भी उठानी पड़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group