मेरठ। कंकरखेड़ा क्षेत्र के श्रद्धापुरी फेज-2 निवासी शुभम श्रीवास्तव की मौत से परिवार में मातम छा गया। युवक का शव नौचंदी थाना क्षेत्र में उसके चाचा के घर में फंदे पर लटका मिला। बताया गया है कि शुभम ने करीब दो साल पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन वैवाहिक जीवन में विवाद के चलते करीब डेढ़ साल पहले उसका तलाक हो गया था। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहने लगा था।परिजनों के अनुसार, शुभम तीन दिन पहले अपने चाचा राकेश के घर आया था। बुधवार देर रात उसने अपनी बहन कोमल के व्हाट्सएप पर संदेश भेजा, जिसमें उसने अपनी जान देने की बात कही थी। बहन ने संदेश देखा, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।गुरुवार सुबह करीब 9:30 बजे चाचा राकेश कमरे में पहुंचे तो शुभम का शव फंदे पर लटका मिला। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।शुभम के पिता मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि उनके दो बेटे हैं। शुभम गाड़ी चलाकर परिवार के पालन-पोषण में सहयोग करता था। वह अपनी छोटी बहन कोमल से बेहद लगाव रखता था। बेटे की मौत से परिवार के लोग सदमे में हैं।पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवक की मौत के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर कार्रवाई कर रही है।