मुजफ्फरनगर। शहर के खालापार क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सुफियान नाम का युवक मस्जिद में नमाज पढ़ने गया था। आरोप है कि नमाज के बाद बाहर निकलते समय तीन लोगों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में वह घायल हो गया, जिसके बाद परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए।घायल के पिता मोहम्मद शाहिद का आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच करीब आठ महीने पहले भी मारपीट हुई थी। उस समय मामला पुलिस तक पहुंचा था, लेकिन बाद में समाज के लोगों ने दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। आरोप है कि इसके बाद भी विवाद पूरी तरह शांत नहीं हुआ और परिवार को धमकियां मिल रही थीं।परिवार का कहना है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते सुफियान को निशाना बनाया गया। घटना के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है। उन्होंने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।पुलिस मामले की जांच कर रही है। हमले के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।