मुजफ्फरनगर। बिजली चोरी की आशंका पर जांच करने पहुंची विद्युत विभाग की टीम को शाहबुद्दीनपुर रोड पर विरोध का सामना करना पड़ा। विभागीय कर्मचारियों का आरोप है कि जांच के दौरान कुछ लोगों ने टीम को घेर लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए गाली-गलौज की। इस दौरान जांच के लिए खोला गया बिजली मीटर भी छीनकर ले जाने का आरोप लगाया गया है।जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग की नौ सदस्यीय टीम द मुस्लिम पब्लिक स्कूल के सामने स्थित एक परिसर में बिजली मीटर की जांच करने पहुंची थी। टीम में सहायक अभियंता अक्षय कुमार सिंह सहित अवर अभियंता और अन्य कर्मचारी शामिल थे। जांच के दौरान मीटर में छेड़छाड़ की आशंका सामने आने पर कर्मचारियों ने उसकी जांच शुरू की। इसी बात को लेकर विवाद होने की बात कही गई है।विभाग की ओर से आरोप लगाया गया कि मौके पर मौजूद लोगों ने कर्मचारियों का विरोध करते हुए उन्हें घेर लिया। इससे जांच कार्य प्रभावित हुआ। टीम का यह भी आरोप है कि मीटर को जबरन अपने कब्जे में ले लिया गया। घटना के बाद विद्युत विभाग के अधिकारियों ने शहर कोतवाली पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।शिकायत में अहसान अंसारी, नदीम, मेहरबान डीलर, आमिर और अलीशान समेत पांच लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की मांग की गई है। विभाग की ओर से घटना की वीडियोग्राफी होने की बात कहते हुए पुलिस से मामले की जांच कराने का आग्रह किया गया है।फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group