मुजफ्फरनगर। खतौली में प्रेम विवाह करने वाली एक युवती ने अपने परिवार से जान का खतरा बताते हुए पुलिस अधिकारियों से सुरक्षा की मांग की है। युवती का कहना है कि उसने अपनी मर्जी से निकाह किया है, लेकिन परिवार के कुछ लोग इस रिश्ते से नाराज हैं। उसे और उसके पति को नुकसान पहुंचाए जाने का डर है।खतौली के मोहल्ला बालकराम निवासी मनशफा ने 27 अक्टूबर को एसएसपी सूरज कुमार राय और डीआईजी को प्रार्थना पत्र दिया। युवती ने बताया कि वह मोहम्मद शान से करीब सात साल से प्रेम करती थी। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिवार की सहमति नहीं मिल सकी।युवती के मुताबिक, मोहम्मद शान के परिजन पहले भी रिश्ता लेकर उसके घर पहुंचे थे, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद दोनों ने 21 सितंबर 2026 को निकाह कर लिया। युवती का दावा है कि उसने बिना किसी दबाव के अपनी मर्जी से शादी की है और वह अपने पति के साथ रहना चाहती है।युवती ने अपने पिता, मां, भाइयों और चाचाओं से खतरा होने की आशंका जताई है। उसका कहना है कि परिवार के लोग उसके विवाह से नाराज हैं और उसे व उसके पति को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसी डर के चलते उसने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से मदद मांगी है।युवती ने अधिकारियों से अपनी और अपने पति की सुरक्षा सुनिश्चित कराने तथा शिकायत की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group