मुजफ्फरनगर। खतौली में सड़क हादसे में 75 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। बैंक से काम निपटाकर घर लौटने के लिए सड़क किनारे खड़ी महिला को तेज रफ्तार बाइक सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में उनके पैर की हड्डी टूट गई। परिजनों ने उन्हें बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। घटना के करीब दो सप्ताह बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज किया है।तिलक नगर जगत कॉलोनी निवासी कृष्णा देवी 16 अक्टूबर को जीटी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक गई थीं। दोपहर करीब तीन बजे बैंक का काम पूरा करने के बाद वह घर जाने के लिए सड़क किनारे खड़ी थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर पड़ीं और गंभीर रूप से चोटिल हो गईं।हादसे की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उपचार के लिए बेगराजपुर मेडिकल कॉलेज ले गए। चिकित्सकों ने जांच के बाद उनके पैर की हड्डी टूटने की पुष्टि की। महिला की देखभाल और इलाज में व्यस्त रहने के कारण परिजन तत्काल पुलिस को सूचना नहीं दे सके।बाद में महिला के बेटे राजवीर सिंह ने 31 अक्टूबर को खतौली थाने में पहुंचकर अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब हादसे के लिए जिम्मेदार बाइक सवार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group