मुजफ्फरनगर। सिखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव जंधेड़ी में पटाखे फोड़ने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने घर में घुसकर परिवार के सदस्यों पर हमला कर दिया। मारपीट में महिला, युवती और पुरुष समेत कई लोग घायल हो गए। एक महिला और एक पुरुष की हालत गंभीर बताई जा रही है।पीड़ित पक्ष की शिवानी पुत्री वीरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे वह अपने भतीजे के साथ घर के बाहर पटाखे फोड़ रही थी। उसका भाई इस दौरान वीडियो बना रहा था। आरोप है कि तभी कुछ लोग वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।विवाद बढ़ने पर परिवार के लोग घर के अंदर चले गए। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोग उनके पीछे घर में घुस आए और परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान धारदार हथियार से हमला करने का भी आरोप लगाया गया है। घटना में परिवार के कई लोग घायल हो गए।सूचना मिलने पर सिखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पीड़ित पक्ष की ओर से शिवानी ने कई लोगों के खिलाफ शिकायत दी है।थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है। सोमवार को पटाखे फोड़ने को लेकर फिर कहासुनी हुई, जिसके बाद मारपीट हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।