मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र की इंद्रापुरम कॉलोनी में सोमवार देर रात पुरानी रंजिश को लेकर दो युवकों के बीच विवाद हो गया। कहासुनी के बाद एक युवक ने दूसरे पर गोली चला दी। गोली पेट में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।घायल की पहचान कुंडा गांव निवासी कुलदीप कसाना उर्फ फत्ते के रूप में हुई है। बताया गया कि कुलदीप और चिंदू बिड़ड़ी के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। दोनों के बीच पहले भी मारपीट हो चुकी थी। इसी बात को लेकर उनके बीच रंजिश बनी हुई थी।देर रात दोनों का आमना-सामना हो गया। इस दौरान कहासुनी बढ़ने पर चिंदू ने कुलदीप पर फायरिंग कर दी। गोली उसके पेट में लगी और वह जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने घायल को तुरंत निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए इलाज शुरू कर दिया।घटना की सूचना पर सीओ ब्रह्मपुरी राम प्रकाश और परतापुर थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।पुलिस के अनुसार, दोनों युवकों के बीच पहले भी मारपीट हो चुकी थी। इसी रंजिश को घटना की वजह माना जा रहा है। पुलिस आरोपी चिंदू बिड़ड़ी की तलाश कर रही है। साथ ही गोली चलने के कारणों और पूरे मामले की जांच की जा रही है।