नई दिल्ली। आम आदमी को महंगाई से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है। अब दूध खरीदने के लिए भी लोगों को अधिक कीमत चुकानी होगी। अमूल और मदर डेयरी ने दूध के दामों में दो से चार रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की है। नई कीमतें गुरुवार से लागू हो गई हैं। दूध के दाम बढ़ने से घरों का रसोई बजट प्रभावित होना तय है।अमूल और मदर डेयरी ने दूध की बढ़ती खरीद लागत को कीमतों में बदलाव की वजह बताया है। कंपनियों के अनुसार, पशुओं के चारे, पशु आहार, पैकिंग सामग्री और परिवहन पर खर्च बढ़ा है। इसके अलावा दूध उत्पादकों से खरीद की लागत में भी इजाफा हुआ है। इसी के चलते उपभोक्ताओं के लिए दूध की कीमतें बढ़ाने का फैसला लिया गया है।मदर डेयरी ने दिल्ली-एनसीआर में टोंड दूध की कीमत दो रुपये बढ़ाकर 62 रुपये प्रति लीटर कर दी है। फुल क्रीम दूध अब 76 रुपये प्रति लीटर मिलेगा, जबकि डबल टोंड दूध की कीमत 54 रुपये से बढ़ाकर 56 रुपये कर दी गई है। गाय के दूध के दाम भी 62 रुपये से बढ़ाकर 65 रुपये प्रति लीटर कर दिए गए हैं।वहीं अमूल ने भी अपने अलग-अलग प्रकार के दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। अमूल ताजा और अमूल गोल्ड जैसे प्रमुख उत्पादों के दाम बढ़ने से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त खर्च का बोझ पड़ेगा।दूध की कीमतें बढ़ने का असर केवल घरों तक सीमित नहीं रहेगा। चाय, मिठाई, दही, पनीर और अन्य दुग्ध उत्पादों की लागत भी प्रभावित हो सकती है। खासकर मध्यम और गरीब परिवारों के मासिक बजट पर इसका असर पड़ेगा।कंपनियों का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी से मिलने वाली राशि का लाभ दूध उत्पादकों तक भी पहुंचाया जाता है। हालांकि, लगातार बढ़ती कीमतों से आम उपभोक्ताओं की चिंता बढ़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group