मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र के मंड़वाड़ा गांव में जमीन को लेकर चल रहा विवाद एक बार फिर मारपीट तक पहुंच गया। खेत में मटर की फसल की छिलाई कर रही महिला के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। पीड़ित परिवार ने हमलावरों पर महिला के गले में जंजीर डालकर गला घोंटने का प्रयास करने और धारदार हथियारों से हमला करने का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।गांव निवासी राहुल कुमार एडवोकेट के अनुसार, छह नवंबर को उनकी पत्नी मुनेश उर्फ पूजा खेत में मटर की फसल की छिलाई कर रही थीं। इसी दौरान कई लोग वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने महिला के गले में जंजीर डालकर जान लेने की कोशिश की। विरोध करने पर धारदार हथियारों से हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।राहुल कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चला आ रहा है। इससे पहले 19 अक्टूबर को भी खेत में मारपीट हुई थी। उस दौरान फसल को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया गया था। लगातार हो रहे विवाद से परिवार परेशान है।मंगलवार शाम करीब छह बजे मारपीट का वीडियो सामने आया। इसमें खेत में महिलाओं के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।बुढ़ाना सीओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि मारपीट का वीडियो सामने आया है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group