मुजफ्फरनगर। भोपा क्षेत्र के गांव मलपुरा में तीन साल की बच्ची की हादसे में जान चली गई। बच्ची अपने मामा के घर आई हुई थी। छत पर खेलते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे बचाने के लिए अस्पताल लेकर दौड़े, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।ककरौली थाना क्षेत्र के खेड़ी फिरोजाबाद गांव निवासी जान मोहम्मद की तीन वर्षीय बेटी साइमा अपनी मां शाहजहां के साथ मलपुरा गांव में मामा साजिद के घर आई थी। गुरुवार को उसके माता-पिता दवाई लेने के लिए मोरना गए हुए थे। इसी दौरान साइमा छत पर बच्चों के साथ खेल रही थी।खेलते समय अचानक संतुलन बिगड़ने से वह छत से नीचे गिर गई। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं। परिजन पहले उसे निजी चिकित्सक के पास ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे मुजफ्फरनगर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन बच्ची को बेगराजपुर स्थित अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। मलपुरा और खेड़ी फिरोजाबाद गांव में शोक छा गया। शुक्रवार देर शाम बच्ची के शव को उसके पैतृक गांव खेड़ी फिरोजाबाद में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया।बच्ची की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। मामा साजिद सहित परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं।