सहारनपुर। थाना क्षेत्र के ग्राम संगमौर स्थित एक ईंट भट्टे पर लापरवाही का खामियाजा मासूमों को अपनी जान देकर चुकाना पड़ा। मिट्टी की ढांग अचानक धंसने से चार बच्चे उसके नीचे दब गए, जिनमें से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भट्टे पर कार्यरत मजदूरों के बच्चे पास ही मिट्टी की गहरी खुदाई वाले स्थान के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान ऊपर जमा ढीली मिट्टी अचानक भरभराकर नीचे आ गिरी और चारों बच्चे मलबे में दब गए। घटना इतनी अचानक हुई कि बच्चों को संभलने तक का मौका नहीं मिला।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए मिट्टी हटाकर बच्चों को बाहर निकाला। लेकिन तब तक कांधला (जनपद शामली) निवासी जुनैद (9) पुत्र नसीम और अमिया (10) पुत्री हारून दम तोड़ चुके थे।
वहीं, दो अन्य घायल बच्चों को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिलाया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल सहारनपुर रेफर कर दिया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, एक साथ दो मासूमों की मौत से मजदूर परिवारों में मातम पसरा हुआ है। स्थानीय लोगों ने भट्टों पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी को हादसे की बड़ी वजह बताते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group