
मुजफ्फरनगर(बिजेंद्र उपाध्याय)। ब्लॉक मोरना क्षेत्र में ग्रामीण मान्यता प्राप्त विद्यालय महासंघ, उत्तर प्रदेश की इकाई द्वारा वीर अब्दुल हमीद जूनियर हाई स्कूल, जौली में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड शिक्षा अधिकारी ध्यानचंद एवं प्रदेश अध्यक्ष चौधरी चन्द्रपाल सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर तथा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक अध्यक्ष कन्हैयालाल ने की, जबकि संचालन महासचिव बिजेंद्र उपाध्याय द्वारा किया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी ध्यानचंद ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित मान्यता प्राप्त विद्यालय शिक्षा के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और यहां के बच्चे भी लगातार प्रगति कर रहे हैं।
मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक सम्मान समारोह जैसे आयोजन समाज में शिक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश देते हैं। उन्होंने कहा कि गुरु और माता-पिता का सम्मान जीवन में सर्वोपरि होना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अधिकारियों और शिक्षाविदों ने भी कार्यक्रम की सराहना की। राजकीय इंटर कॉलेज कमहेड़ा के प्रधानाचार्य डॉ. रणवीर सिंह ने कहा कि ग्रामीण अंचल के विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम योगदान दे रहे हैं और गांवों से निकलकर बच्चे देशभर में अपनी पहचान बना रहे हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अभिषेक चौधरी ने कहा कि शिक्षा वर्तमान समय में भविष्य निर्माण का सबसे मजबूत आधार है और शिक्षकों का सम्मान समाज का कर्तव्य होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। समारोह में जाहिद हुसैन, प्रवेंद्र कुमार दहिया, कुलदीप सिवाच, अनिल शास्त्री, यशपाल सिंह, डॉ. शिव कुमार पाल एवं डॉ. ब्रजभूषण वर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शिक्षकों को सम्मानित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजीव चेयरमैन, विजय शर्मा, योगेश कुमार, विनीत कुमार, अभिषेक उपाध्याय, संतोष कुमार गुर्जर, राहुल कुमार, दीपक कुमार, संजीव काकरान, कृपाल सिंह राठी, नावेद आलम सहित विद्यालय की प्रधानाचार्य शहजादी सिद्दीकी एवं समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा।

