मुजफ्फरनगर जनपद के रतनपुरी थाना क्षेत्र स्थित गांव मोहम्मदपुर माफी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अवैध रूप से चल रही पटाखा निर्माण इकाई में अचानक तेज विस्फोट हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि आसपास के घरों तक झटके महसूस किए गए और ग्रामीण घबराकर बाहर निकल आए।
बताया जा रहा है कि एक निजी परिसर (घेर) में लंबे समय से बिना किसी वैध लाइसेंस के पटाखे बनाने का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक आग भड़क उठी, जिसने कुछ ही पलों में विस्फोट का रूप ले लिया। मौके पर मौजूद दो किशोर मजदूर इसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए।
घायलों की पहचान कासिम (करीब 15 वर्ष) और हजेफा (करीब 16 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। घटना के बाद उनके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान पर काफी समय से चोरी-छिपे पटाखा बनाने का काम हो रहा था और वहां बड़ी मात्रा में बारूद जैसी विस्फोटक सामग्री रखी जाती थी। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते यह बड़ा हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि इकाई पूरी तरह अवैध थी और मौके से किसी प्रकार का लाइसेंस या सुरक्षा इंतजाम नहीं मिला।
घटना के बाद फैक्ट्री संचालक मौके से फरार बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध पटाखा निर्माण और बाल श्रम जैसे गंभीर पहलुओं को ध्यान में रखते हुए सख्त कार्रवाई की जाएगी।
