मुजफ्फरनगर। खतौली में थाना रतनपुरी क्षेत्र के गांव समौली में जमीन विवाद ने एक बार फिर हिंसक रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच लंबे समय से चल रही रंजिश के चलते पिता-पुत्रों द्वारा एक युवक को गोली मार देने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। वारदात के बाद गांव में तनाव व्याप्त हो गया है, जबकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव निवासी मदन और बबलू के परिवारों के बीच खेत की जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। इसी क्रम में शनिवार दोपहर मदन के पुत्र रिंकू और बबलू के पुत्र संजीत के बीच खेत पर कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया और दोनों पक्ष अपने-अपने घर लौट गए।
बताया गया कि शाम के समय रिंकू अपने घर के बाहर ट्रॉली से भूसा उतार रहा था, तभी बबलू अपने पुत्रों संजीत और मोहित के साथ मौके पर पहुंचा। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और विरोध करने पर एक आरोपी ने रिंकू के सिर के पीछे तमंचा सटाकर फायर कर दिया। गोली लगते ही रिंकू गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए, वहीं परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची थाना रतनपुरी पुलिस ने घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर बबलू व उसके पुत्रों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है।
