मुजफ्फरनगर, 20 अप्रैल 2026। भारत की आगामी जनगणना 2027 को लेकर जनपद में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं भवन गणना के लिए आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों का जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी उमेश मिश्रा ने विभिन्न केंद्रों पर निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपयोग की जा रही सामग्री तथा प्रतिभागियों की सक्रियता का गहन अवलोकन किया। उन्होंने प्रशिक्षण दे रहे अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों को प्रत्येक बिंदु की स्पष्ट, व्यावहारिक और त्रुटिरहित जानकारी दी जाए, ताकि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की गलती की गुंजाइश न रहे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश का अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसकी सटीकता और पारदर्शिता सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
जनपद की चारों तहसीलों में अलग-अलग केंद्रों पर यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। सदर तहसील का प्रशिक्षण एसडी पब्लिक स्कूल, भोपा रोड पर आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) गजेंद्र कुमार ने निरीक्षण किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी सदर प्रवीण द्विवेदी भी मौजूद रहे।
इसी क्रम में खतौली तहसील के लिए एसडी पब्लिक स्कूल, जानसठ रोड पर आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण ने किया। इस दौरान उपजिलाधिकारी खतौली ललित मिश्रा एवं तहसीलदार भी उपस्थित रहे।
अन्य केंद्रों पर भी वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा निरीक्षण किया गया। माउंट लिटेरा जी स्कूल में सिटी मजिस्ट्रेट पंकज प्रकाश राठौर ने निरीक्षण किया, जबकि जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल में तहसीलदार जानसठ श्रद्धा गुप्ता ने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कार्यक्रम के दौरान जनगणना निदेशालय से गौरव गुंजन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रशिक्षणार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group