मुजफ्फरनगर। जनपद के रतनपुरी थाना क्षेत्र में पुलिस हिरासत से फरार हुआ एक शातिर आरोपी आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया। दरोगा से पिस्टल छीनकर भागे इस बदमाश को संयुक्त पुलिस टीम ने मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से सरकारी हथियार भी बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार, मंजीत उर्फ काला (22 वर्ष), निवासी ग्राम समौली, को पुलिस ने एक मामले में गिरफ्तार किया था। हिरासत के दौरान उसने पेट दर्द की शिकायत की, जिस पर पुलिस उसे उपचार के लिए बुढ़ाना अस्पताल ले जा रही थी। रास्ते में आरोपी ने शौच जाने की बात कहकर गाड़ी रुकवाई और मौका मिलते ही उप निरीक्षक शैलेन्द्र चौधरी को धक्का देकर उनकी सर्विस पिस्टल छीन ली। इसके बाद वह अंधेरे का फायदा उठाकर पास के खेतों में छिप गया।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुरी पुलिस और एसओजी टीम ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया। पुलिस द्वारा कई बार आत्मसमर्पण के लिए कहा गया, लेकिन आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने भी संयमित फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई।
घायल अवस्था में बदमाश को मंडावली बागर क्षेत्र के पास से पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से छीनी गई 9 एमएम की सरकारी पिस्टल, मैगजीन और कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है और उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही, उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है, ताकि उससे जुड़े अन्य मामलों का खुलासा किया जा सके।
