मुज़फ्फरनगर। जनपद के मोरना क्षेत्र के थाना भोपा अंतर्गत गांव भोपा में एक पुरानी पुलिस कार्रवाई से जुड़ा मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब आरोपियों की एक कथित फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। वायरल तस्वीर में आरोपियों के गले में जूतों की माला दर्शाई गई, जिससे क्षेत्र में अफवाहों और चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते 24 मार्च को गंग नहर पटरी के समीप जुआ खेलते हुए चार व्यक्तियों को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया था। तलाशी के दौरान उनके पास से लगभग छह हजार रुपये की नकदी एवं ताश के पत्ते बरामद किए गए थे। पुलिस ने संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों का चालान कर दिया था और मामला सामान्य रूप से निपट गया था।
हालांकि, कुछ समय बाद इस प्रकरण ने नया मोड़ तब ले लिया, जब पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट से संबंधित एक फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित कर दिया गया। एडिट की गई इस तस्वीर में आरोपियों को गले में जूतों की माला डाले अपमानजनक तरीके से दिखाया गया, जिससे यह प्रतीत होने लगा कि मानो पुलिस ने उनके साथ ऐसा व्यवहार किया हो।
तस्वीर के वायरल होते ही गांव सहित आसपास के इलाकों में हलचल मच गई। लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं और कई लोगों ने इसे गंभीर मामला बताते हुए आपत्ति जताई। ग्रामीणों का कहना है कि यह कृत्य न केवल आरोपियों की छवि धूमिल करने वाला है, बल्कि इससे मानवाधिकार से जुड़े सवाल भी खड़े होते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि फोटो के साथ छेड़छाड़ कर उसे वायरल करने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान कर उसके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर अंकुश लगाया जा सके।
