मुजफ्फरनगर। जनपद में बिना पंजीकरण संचालित अस्पतालों और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को सख्त अभियान चलाते हुए कई केंद्रों पर छापेमारी की। जिलाधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी के निर्देश पर ‘झोलाछाप नियंत्रण सेल’ की टीम ने रुड़की रोड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की।


नोडल अधिकारी डॉ. अजय कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने छापेमारी के दौरान ‘सन्तान हॉस्पिटल’ और डॉ. तबस्सुम के क्लीनिक का निरीक्षण किया, जहां गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान संबंधित संचालक अस्पताल संचालन से जुड़े वैध दस्तावेज और सीएमओ कार्यालय का अनिवार्य पंजीकरण प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके चलते ‘सन्तान हॉस्पिटल’ को अवैध संचालन के आधार पर मौके पर ही सील कर दिया गया।
इसी क्रम में ‘शफा नर्सिंग होम’ द्वारा बिना अनुमति बकरा मार्केट से रुड़की रोड पर स्थानांतरण किए जाने का मामला भी सामने आया। यह नियमों का स्पष्ट उल्लंघन पाया गया, जिस पर संस्थान को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार कई केंद्र बिना रजिस्ट्रेशन और निर्धारित मानकों के विपरीत संचालित हो रहे थे, जो सीधे तौर पर मरीजों की सुरक्षा से खिलवाड़ है। ऐसे मामलों में विभाग ने शून्य सहनशीलता की नीति अपनाते हुए सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है।
नोडल अधिकारी डॉ. अजय कुमार ने स्पष्ट किया कि जनपद में किसी भी स्थिति में अवैध क्लीनिक या अस्पताल संचालित नहीं होने दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण या मानकों के विपरीत कार्य करने वाले संस्थानों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद अवैध रूप से चिकित्सा सेवाएं देने वाले संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिए हैं कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, जिससे आमजन को सुरक्षित और मानक अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group