मुजफ्फरनगर। जनपद की कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री संजय कुमार वर्मा ने मंगलवार को थाना तितावी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों और कार्यप्रणाली का गहनता से जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक कक्ष, महिला हेल्प डेस्क, साइबर हेल्प डेस्क, हवालात, बैरक और मालखाना सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने अपराध रजिस्टरों के अद्यतन रखरखाव और लंबित विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी प्रकरणों का निस्तारण समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

कंप्यूटर कक्ष में ऑनलाइन सेवाओं, पोर्टल एंट्री और सीसीटीएनएस प्रणाली की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी डेटा प्रविष्टियां त्रुटिरहित और समय पर अपडेट की जाएं। महिला हेल्प डेस्क के निरीक्षण के दौरान महिला संबंधी शिकायतों के त्वरित, संवेदनशील और प्रभावी समाधान पर विशेष जोर दिया गया।
एसएसपी ने आगंतुक कक्ष में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनने और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, बैरक अनुशासन, शस्त्रों के रखरखाव और ड्यूटी प्रबंधन की भी समीक्षा की गई।
उन्होंने पुलिस टीम को नियमित गश्त बढ़ाने, संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्य में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित को सर्वोपरि रखने पर जोर दिया।
इस मौके पर थानाध्यक्ष तितावी श्री प्रमोद कुमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
