मुजफ्फरनगर, 23 अप्रैल 2026। जिला प्रशासन के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया ने गुरुवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बघरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का गहन जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर परिवार नियोजन कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता अभियान तेज करें और योग्य दंपतियों को परिवार नियोजन सेवाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित करें।
इसके साथ ही डॉ. तेवतिया ने संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने पर जोर देते हुए कहा कि गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य केंद्रों पर प्रसव कराने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके। उन्होंने आशा और एएनएम से अपेक्षा की कि वे गर्भवती महिलाओं की नियमित निगरानी रखें और उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराएं।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दिव्या वर्मा भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन पर अपने सुझाव साझा किए।


निरीक्षण के उपरांत सीएमओ ने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया और साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता एवं मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ओपीडी में स्वयं विशेषज्ञ चिकित्सक के रूप में मरीजों का परीक्षण किया और उन्हें आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।
अंत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देशित किया कि मरीजों को बेहतर, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए तथा सभी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group