मुजफ्फरनगर, 23 अप्रैल 2026। उत्तर प्रदेश होमगार्ड भर्ती लिखित परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने जनपद में बनाए गए परीक्षा केंद्रों का व्यापक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए।
जनपद में यह परीक्षा 25, 26 और 27 अप्रैल को प्रतिदिन दो पालियों में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए कुल 17 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केंद्रों पर लगे सीसीटीवी कैमरों, बायोमैट्रिक सत्यापन प्रणाली और स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था की बारीकी से जांच की।
उन्होंने केंद्र प्रभारियों को निर्देशित किया कि अभ्यर्थियों के प्रवेश से लेकर परीक्षा समाप्ति तक हर चरण पर निगरानी सुनिश्चित की जाए। मुख्य द्वार पर सघन चेकिंग, मोबाइल व अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सुरक्षित जमा की व्यवस्था, साथ ही पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को भी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और परीक्षा की पवित्रता बनाए रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएं। उन्होंने पुलिस बल को सतर्क रहकर ड्यूटी निभाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, केंद्र व्यवस्थापक एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस-प्रशासन का लक्ष्य है कि परीक्षा पूरी तरह नकलविहीन और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो, जिससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष अवसर मिल सके।
