
मुजफ्फरनगर, केशवपुरी। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता का एक और उदाहरण प्रस्तुत करते हुए सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, केशवपुरी के विद्यार्थियों ने यूपी बोर्ड परीक्षा परिणाम में शानदार सफलता हासिल की है। इंटरमीडिएट और हाईस्कूल दोनों ही वर्गों में विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन ने न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।
इंटरमीडिएट वर्ग में श्लोक सागर ने 431 अंक (86.2%) प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। भूमि कुच्छल ने 427 अंक (85.4%) के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त किया, जबकि हर्षित गर्ग ने 422 अंक (84.4%) अर्जित कर तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया। दक्ष त्यागी (421 अंक, 84.2%) चौथे स्थान पर रहे, वहीं जिया ने 420 अंक (84%) के साथ पांचवां स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया।

हाईस्कूल वर्ग में भी प्रतिभाओं की चमक देखने को मिली। पलक सैनी ने 566 अंक (94.33%) के साथ प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। जयदीप पुंडीर ने 552 अंक (92%) के साथ द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि यश ने 542 अंक (90.33%) के साथ तृतीय स्थान प्राप्त किया। सक्षम कुमार (539 अंक, 89.83%) चौथे स्थान पर रहे और वैष्णवी ने 525 अंक (87.5%) के साथ पांचवां स्थान प्राप्त किया।

विशेष उपलब्धि के रूप में हाई स्कूल में पलक सैनी ने जिले में द्वितीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया, वहीं जयदीप पुंडीर ने भी जिला स्तर पर 9वां स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं समस्त शिक्षकों ने इस ऐतिहासिक सफलता पर सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों की कठिन मेहनत, शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का परिणाम है।
