मुजफ्फरनगर। जिले में एक संवेदनशील मामला सामने आया है, जिसमें एक विधवा महिला और उसकी नाबालिग बेटी के साथ कथित उत्पीड़न व अपहरण के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। मामले को लेकर एक सामाजिक संगठन ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को लिखित शिकायत सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार एक व्यक्ति ने अपनी असली पहचान छिपाकर शहर की एक कॉलोनी में रहना शुरू किया और धीरे-धीरे महिला व उसके परिवार के संपर्क में आ गया। आरोप है कि उसने विश्वास हासिल करने के बाद परिवार को अपने प्रभाव में लिया और नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ समय बाद नाबालिग के लौटने पर उसके साथ शारीरिक शोषण किए जाने के आरोप सामने आए। साथ ही यह भी कहा गया है कि आरोपी पहले से कई विवाह कर चुका है और पूरे घटनाक्रम के पीछे सुनियोजित साजिश होने की आशंका जताई जा रही है।
आरोपी की पहचान मेहताब निवासी ग्राम हरसोली, थाना बयरा क्षेत्र के रूप में बताई गई है। संगठन ने मांग की है कि उसके खिलाफ अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में आ चुकी है और पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है। संबंधित तथ्यों की पुष्टि के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
