मुजफ्फरनगर। खतौली के भैंसी चौकी क्षेत्र में हुए एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को दहला दिया। सीएनजी पंप के सामने टेंपो और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार हादसा इतना जबरदस्त था कि टक्कर के बाद बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को संभाला और तत्काल एम्बुलेंस बुलाकर अस्पताल भिजवाया।
घायलों की पहचान रितिक (22 वर्ष) निवासी ग्राम जोहरा, थाना मंसूरपुर और मुरली (19 वर्ष) पुत्र दीपक तोमर के रूप में हुई। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही मुरली ने दम तोड़ दिया। रितिक का उपचार जारी है और उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई और वे अस्पताल पहुंच गए। उधर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र बघेल के अनुसार दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार या लापरवाही का नतीजा था।
