मुजफ्फरनगर, 17 जनवरी 2026। थाना रतनपुरी क्षेत्र में दो समुदायों के बीच हुए हिंसक झगड़े के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक और सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पूरे प्रकरण की निगरानी पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल और क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह द्वारा की गई, जबकि थानाध्यक्ष रतनपुरी राकेश सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने धरपकड़ को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार 14 जनवरी 2026 को थाना रतनपुरी क्षेत्र के ग्राम सठेड़ी में रास्ते को लेकर दो समुदायों के बीच विवाद हुआ था, जो जल्द ही हिंसक संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडे, लोहे की सरिया और चाकू से लैस होकर दूसरे पक्ष पर जानलेवा हमला किया, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई थी और पुलिस को मौके पर पहुंचकर हालात नियंत्रित करने पड़े थे।
पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना रतनपुरी में मु0अ0सं0 05/2026 के तहत धारा 109(1), 352, 351(3) और 115(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके बाद आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई। गुप्त सूचना के आधार पर 17 जनवरी को पुलिस टीम ने बडसू रजवाहे के पास भूपखेड़ी जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में फरीद पुत्र बबलू, जीशान, जैसव और अमन (तीनों पुत्र दिलशाद) शामिल हैं, जो सभी ग्राम सठेड़ी, थाना रतनपुरी के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे और अलग-अलग स्थानों पर छिपते फिर रहे थे।
थाना प्रभारी राकेश सिंह ने कहा कि मामले की जांच जारी है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और अतिरिक्त निगरानी रखी जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार, उपनिरीक्षक मोहित कुमार, उपनिरीक्षक अजय यादव, उपनिरीक्षक रविन्द्र कसाना तथा कांस्टेबल नवीन बैसला, गजेन्द्र मावी और प्रशान्त चौधरी शामिल रहे।
