मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना थाना क्षेत्र में बायवाला के निकट कांवड़ मार्ग पर पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार महिला सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।जानकारी के अनुसार तावली गांव निवासी रीहाना पत्नी आरिफ बाइक से बागपत क्षेत्र के सिवक्का इदरीशपुर गांव की ओर जा रही थीं। हादसे के समय बाइक पर तीन लोग सवार थे। बायवाला के पास कांवड़ मार्ग पर पहुंचने के दौरान पीछे से आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी।टक्कर लगते ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया और रीहाना सड़क पर गिर गईं। गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद राहगीरों ने घायल महिला को सड़क से उठाकर तत्काल मदद पहुंचाई और घटना की जानकारी एंबुलेंस को दी।कुछ ही देर में एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। घायल महिला को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बुढ़ाना ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति का परीक्षण करने के बाद प्राथमिक उपचार किया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण बेहतर उपचार के लिए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।