मुजफ्फरनगर। चरथावल थाना क्षेत्र के गांव बधाई कला में मंगलवार को सार्वजनिक शौचालय के पास एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा मिलने से पुलिस में सूचना दी गई। जानकारी मिलते ही चरथावल थाना प्रभारी सत्यनारायण दहिया और अलावलपुर चौकी प्रभारी प्रवेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद आसपास के लोगों से मृतक के संबंध में जानकारी जुटाई। ग्रामीणों से पूछताछ और पहचान कराने के प्रयास के बावजूद देर तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच है। उसकी लंबाई लगभग पांच फीट पांच इंच बताई गई है। रंग सांवला है। मृतक ने सफेद रंग का शॉर्ट्स पहन रखा था और उसके गले में काले रंग का धागा बंधा हुआ था। दाढ़ी और मूंछ के बाल काले-सफेद हैं।मृतक के शरीर पर बने टैटू उसकी पहचान का अहम आधार हो सकते हैं। पुलिस के मुताबिक दोनों बाजुओं पर टैटू बने हुए हैं। एक कंधे पर अंग्रेजी में ‘आई लव यू’ लिखा है, जबकि दूसरे कंधे पर ‘मां’ का निशान बना हुआ है। इसके अलावा छाती के दाहिने हिस्से पर दिल का निशान बना है, जिसके भीतर ‘रानी’ लिखा है।पुलिस इन निशानों और मृतक के हुलिए के आधार पर उसकी पहचान कराने में जुटी है। आसपास के गांवों के लोगों से जानकारी लेने के साथ ही गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान कराया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group