मुजफ्फरनगर। रतनपुरी थाना क्षेत्र में दिल्ली-देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर सोमवार देर रात रायपुर नंगली के निकट दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खतौली पहुंचाया, जहां एक घायल की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।बताया गया कि देर रात रायपुर नंगली के पास दो बाइक आमने-सामने आ गईं। टक्कर के बाद दोनों वाहनों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।एक बाइक पर दिल्ली के जहांगीरपुरी निवासी सोनू वर्मा और विपिन वर्मा सवार थे। सोनू वर्मा की उम्र करीब 45 वर्ष बताई गई है, जबकि विपिन वर्मा करीब 24 वर्ष के हैं। दोनों के पिता का नाम जयप्रकाश वर्मा बताया गया है। हादसे में सोनू को गंभीर चोटें आईं। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया।दूसरी बाइक पर हापुड़ जनपद के गांव गालंद निवासी परविंदर कुमार और विकास सवार थे। परविंदर कुमार की उम्र करीब 33 वर्ष और विकास की उम्र करीब 36 वर्ष बताई गई है। दोनों के पिता के नाम क्रमश: रामवतार और किशनपाल बताए गए हैं। हादसे में दोनों भी घायल हुए, जिनका खतौली स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार कराया गया।