मेरठ। दिल्ली गेट थाना क्षेत्र में स्थित शिव चौक पुलिस चौकी के सामने बुधवार दोपहर एक अज्ञात व्यक्ति अचेत अवस्था में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मृतक की पहचान कराने और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे यूपी-112 पर सूचना मिली कि शिव चौक पुलिस चौकी के सामने एक व्यक्ति सड़क किनारे अचेत पड़ा है। सूचना मिलते ही दिल्ली गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल प्यारेलाल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि एक ई-रिक्शा चालक उक्त व्यक्ति को चौक तक लेकर आया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चालक ने उसे सड़क किनारे उतारा और वहां से चला गया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि व्यक्ति की तबीयत पहले से खराब थी या उसके साथ कोई अन्य घटना हुई थी।घटना की जानकारी मिलते ही जिला फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि ई-रिक्शा चालक की पहचान की जा सके और यह पता लगाया जा सके कि वह व्यक्ति को कहां से लेकर आया था।दिल्ली गेट थाना पुलिस का कहना है कि मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और उसकी पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।