मुजफ्फरनगर। जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर के निर्देशन में आबकारी विभाग की टीम ने जिले में मदिरा की दुकानों का सघन निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान शराब की बिक्री, स्टॉक और दुकानों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई।आबकारी निरीक्षकों ने दुकानों पर पीओएस मशीन से शत-प्रतिशत बिक्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। स्टॉक रजिस्टर में दर्ज मदिरा का मौके पर उपलब्ध स्टॉक से मिलान किया गया। शराब निर्धारित मूल्य पर ही बिक रही है या नहीं, इसकी जांच के लिए गोपनीय टेस्ट परचेज भी कराए गए।टीम ने दुकानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को लगातार क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। वहीं स्टॉक में रखी बोतलों में से रैंडम बोतलें निकालकर उनके क्यूआर कोड विभागीय ऐप के माध्यम से जांचे गए। सभी देशी मदिरा की दुकानों पर 42.8 प्रतिशत क्षमता वाली 100 एमएल मदिरा को डिस्प्ले में प्रदर्शित करने तथा ग्राहकों को इसकी जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।इसी अभियान के तहत आबकारी विभाग की टीम ने जानसठ क्षेत्र के गांव रेहकड़ा में दबिश दी। टीम ने संदिग्ध स्थानों की जांच की, लेकिन कार्रवाई के दौरान किसी भी प्रकार के मादक पदार्थ की बरामदगी नहीं हुई। विभाग ने नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।