मुजफ्फरनगर। बुढ़ाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने दो बाइकों को अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकों पर सवार पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक पांच वर्षीय मासूम बच्ची भी शामिल है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।हादसा बुढ़ाना क्षेत्र में भसाना गांव के पास हुआ। बताया गया कि दो बाइकों पर सवार लोग मुजफ्फरनगर की ओर से कांधला और तमेला गढ़ी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही रोडवेज बस ने दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में इदरीश और साजिद बताए गए हैं, जो चचेरे भाई थे। वहीं फरमान और मोमिन के जीजा-साले होने की जानकारी सामने आई है। पांच वर्षीय बच्ची की पहचान अल्लो के रूप में हुई है।हादसे के बाद रोडवेज बस चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है और चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारी भी सक्रिय हुए। मुख्यमंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। हादसे से मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group