मुजफ्फरनगर। गोल चक्कर स्थित मरियम निजामुद्दीन हॉस्पिटल के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। अस्पताल में नियमों के विपरीत ऑपरेशन किए जाने की शिकायत के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच की। जांच में चिकित्सकों की उपलब्धता और अस्पताल की व्यवस्थाओं से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आने पर अस्पताल को सीज कर दिया गया। साथ ही उसका लाइसेंस भी निरस्त कर दिया गया।मामला एक मरीज के ऑपरेशन के बाद हालत बिगड़ने से सामने आया था। शिकायत मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू की। टीम ने अस्पताल के पंजीकरण, चिकित्सकों की मौजूदगी, उपचार संबंधी दस्तावेज और अन्य व्यवस्थाओं की पड़ताल की।जांच के दौरान अस्पताल में पंजीकृत चिकित्सक मौके पर मौजूद नहीं मिले। इससे पहले निरीक्षण में अस्पताल में कई मरीज भर्ती पाए गए थे, जबकि संबंधित चिकित्सक की अनुपस्थिति को लेकर उनसे स्पष्टीकरण भी मांगा गया था। स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल प्रबंधन से चिकित्सकों की योग्यता और पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज भी मांगे थे।स्वास्थ्य विभाग की जांच में अस्पताल संचालन से जुड़ी कई अनियमितताएं सामने आने के बाद अधिकारियों ने कड़ा रुख अपनाया। इसके बाद अस्पताल का लाइसेंस निरस्त करने के साथ ही उसे सीज करने की कार्रवाई की गई।स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई के बाद अस्पताल संचालकों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मरीजों के उपचार में लापरवाही और निर्धारित मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अस्पतालों में योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता और निर्धारित नियमों का पालन अनिवार्य है। नियमों का उल्लंघन मिलने पर आगे भी इसी तरह कार्रवाई की जाएगी।