मुजफ्फरनगर। अवैध शराब के कारोबार और उसके परिवहन पर निगरानी के लिए आबकारी विभाग ने जिले में प्रवर्तन अभियान चलाया। अभियान के दौरान विभागीय टीमों ने शराब के गोदामों और बार का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध स्टॉक की जांच की।आबकारी निरीक्षकों ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर गोदामों और बार में रखी शराब का मौके पर सत्यापन किया। उपलब्ध स्टॉक का संबंधित अभिलेखों से मिलान किया गया। अधिकारियों ने शराब की बिक्री और भंडारण से जुड़ी व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया।इसके अलावा अवैध शराब की आवाजाही रोकने के लिए मेरठ-शामली सीमा पर वाहनों की जांच की गई। आबकारी टीम ने सीमा से गुजरने वाले वाहनों को रोककर उनकी तलाशी ली। जांच के दौरान किसी वाहन से अवैध शराब बरामद नहीं हुई।विभागीय अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए विभिन्न स्थानों पर जांच अभियान चलाया जाएगा।