मुजफ्फरनगर, 17 सितंबर 26। विकास भवन सभागार में गुरुवार को सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक हुई। जनपद प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार सोमेंद्र तोमर ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से अभियान की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में आमजन की भागीदारी बढ़ाई जाए।प्रभारी मंत्री ने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान होने वाले कार्यक्रम विभागीय योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का माध्यम बनें। अधिकारियों को निर्देश दिए कि केंद्र और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए समन्वय के साथ काम करें। पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी स्तर पर लापरवाही न हो।बैठक में अभियान के तहत होने वाले 13 प्रमुख कार्यक्रमों की प्रगति और तैयारियों पर चर्चा हुई। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रमों के आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण ने बताया कि सरकारी योजनाओं से लाभ पाने वाले लोगों के जीवन में आए बदलावों को संकलित किया जाएगा। इसके लिए ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम में लाभार्थियों की सफलता की कहानी, चित्र और चलचित्र एकत्र किए जाएंगे।17 सितंबर की शाम सात बजे ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के तहत शुकतीर्थ समेत 11 स्थानों पर दीप प्रज्वलन कराया जाएगा। विद्यालयों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं होंगी। नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी।‘आंगन का उत्सव’ के तहत आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम होंगे। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और लाभार्थी माताओं को सम्मानित किया जाएगा। वहीं ‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत स्वच्छता, पौधारोपण, रक्तदान, स्वास्थ्य शिविर और श्रमदान जैसी गतिविधियां कराई जाएंगी।‘सेवा सेतु अभियान—सरकार आपके द्वार’ के तहत विकासखंड स्तर पर बहुउद्देशीय शिविर लगाकर पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाया जाएगा। इसके अलावा ‘सेवा ज्योति यात्रा’ सहित अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अनिरुद्ध प्रताप सिंह समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।