शामली। शहर के कोतवाली क्षेत्र में नाला पटरी पर स्थित ज्वेलर्स की दुकान में चोरों ने सेंध लगा दी। चोर दुकान से बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह दुकान खुलने पर घटना का पता चला तो दुकानदार के होश उड़ गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और चोरों की तलाश शुरू कर दी।
मोहल्ला गुफरान निवासी दीपक वर्मा की नाला पटरी पर ज्वेलर्स की दुकान है। मंगलवार रात दुकान बंद कर वह घर चले गए थे। देर रात चोरों ने दुकान को निशाना बनाया और अंदर रखे आभूषण चोरी कर लिए। बुधवार सुबह दुकान पहुंचने पर चोरी का पता चला। दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
दुकानदार के मुताबिक, चोर करीब 40 से 45 किलो चांदी और लगभग 400 से 500 ग्राम सोने के आभूषण चोरी कर ले गए हैं। चोरी हुए सामान की कीमत का आकलन किया जा रहा है। बड़ी मात्रा में आभूषण चोरी होने से कारोबारी को भारी नुकसान होने की आशंका है।
घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने दुकान का निरीक्षण कर दुकानदार से जानकारी ली। इसके साथ ही आसपास के प्रतिष्ठानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों के बारे में कोई सुराग मिल सके।
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोर दुकान में किस रास्ते से दाखिल हुए और वारदात को अंजाम देने के बाद किस ओर निकले। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
कोतवाली प्रभारी ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने जल्द ही घटना का राजफाश करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join WhatsApp Group